
फुलवारी शरीफ प्रखंड के निसरपुरा स्थित सिमरा क्षेत्र में रविवार को सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पटेल नवजागरण न्यास, बिहार पटना द्वारा आयोजित सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला के भूमि पूजन एवं शिलान्यास कार्यक्रम में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार शामिल हुए और विधिवत आधारशिला रखी।
पटना-डोभी बाईपास के समीप आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर अतिथिशाला निर्माण कार्य का औपचारिक शिलान्यास किया। इस अवसर पर न्यास से जुड़े सदस्यों ने मुख्यमंत्री का फूल-माला पहनाकर एवं अंगवस्त्र भेंट कर भव्य स्वागत किया।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपने संबोधन में कहा कि सामाजिक संगठनों की सक्रिय भागीदारी से ही समाज का सर्वांगीण विकास संभव है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आधारभूत संरचना, शिक्षा और सामुदायिक सुविधाओं के विस्तार के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने विश्वास जताया कि अतिथिशाला का निर्माण स्थानीय लोगों के लिए सामाजिक, सांस्कृतिक और शैक्षणिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बनेगा।
ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयास से गांव और नगरों का संतुलित विकास संभव है। उन्होंने लोगों से विकास कार्यों में सक्रिय सहयोग करने और सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
कार्यक्रम में सांसद कौशलेन्द्र कुमार, विधान पार्षद संजय कुमार सिंह, विधायक वशिष्ठ सिंह, विधायक शुभानंद मुकेश तथा विधायक रूहेल रंजन समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा जदयू के राष्ट्रीय महासचिव मनीष कुमार वर्मा, मुख्यमंत्री के सचिव कुमार रवि, सचिव डॉ. चंद्रशेखर सिंह, जिलाधिकारी त्यागराजन एस.एम. तथा वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा भी कार्यक्रम में मौजूद थे।
मंच से वक्ताओं ने कहा कि निसरपुरा और आसपास के क्षेत्रों में सामाजिक गतिविधियों के लिए समुचित स्थान की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। सरस्वती बसंत पटेल अतिथिशाला का निर्माण इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे सामुदायिक कार्यक्रमों, शैक्षणिक आयोजनों और सामाजिक बैठकों के लिए बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों ने इसे समाज के उत्थान की दिशा में सकारात्मक पहल बताया। अंत में न्यास के प्रतिनिधियों ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने का संकल्प दोहराया।
