
फुलवारी शरीफ। बिहार पशु विज्ञान विश्वविद्यालय के प्रसार शिक्षा निदेशालय की ओर से 22 फरवरी 2026 (रविवार) को भव्य डॉग शो का आयोजन किया जाएगा। यह कार्यक्रम बिहार पशुचिकित्सा महाविद्यालय परिसर में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न नस्लों के आकर्षक श्वानों के भाग लेने की संभावना है। आयोजन को लेकर पशु प्रेमियों में उत्साह देखा जा रहा है।
डॉग शो में प्रतिभागियों को अपने श्वानों की प्रस्तुति, स्वास्थ्य, प्रशिक्षण और विशेष गुणों के आधार पर आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता को रोचक बनाने के लिए अलग-अलग श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक प्रतिभागियों को अवसर मिल सके।
कार्यक्रम के लिए ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण की व्यवस्था की गई है। इच्छुक प्रतिभागी रविवार सुबह 9 बजे से स्थल पर पहुंचकर अपना रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं। आयोजकों ने समय पर पहुंचने की अपील की है, ताकि सभी प्रतिभागियों को सुव्यवस्थित तरीके से शामिल किया जा सके।
आयोजन समिति के अध्यक्ष सह प्रसार शिक्षा निदेशक डॉ. निर्मल सिंह दहिया ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य डॉग लवर्स के बीच जागरूकता बढ़ाना तथा विभिन्न नस्लों के संरक्षण और प्रोत्साहन को बढ़ावा देना है। विश्वविद्यालय प्रशासन को उम्मीद है कि यह आयोजन जिम्मेदार पालतू देखभाल के प्रति सकारात्मक संदेश देगा।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
