फुलवारी शरीफ।
मुक़द्दस माह-ए-रमज़ान के पहले जुमे पर राजधानी पटना इबादत और रूहानियत के रंग में रंगा नजर आया। शहर की बड़ी मस्जिदों से लेकर मोहल्लों की छोटी मस्जिदों तक अकीदतमंदों की भारी भीड़ उमड़ी। रोजेदारों ने पूरे एहतराम के साथ जुमे की नमाज़ अदा कर मुल्क में अमन-चैन, तरक्की और भाईचारे की दुआएं मांगी।

फुलवारी शरीफ में सुबह से ही मस्जिदों की ओर जाने वाले रास्तों पर रौनक बढ़ गई थी। ऐतिहासिक खानकाह मुजीबिया में नमाज़ियों की सबसे अधिक भीड़ रही। मस्जिद के अंदर की सभी सफें भरने के बाद बाहर तक कतारें लग गईं। लाल मियां की दरगाह परिसर स्थित शाही संगी मस्जिद, बड़ी खानकाह मस्जिद और नया टोला की जामा मस्जिद में भी नमाज़ियों की तादाद इतनी अधिक रही कि लोगों को सड़क किनारे और खुले स्थानों पर सफ बनानी पड़ी।

जामा मस्जिद नया टोला, मस्जिद-ए-गौसुलवरा (जमालउद्दीन चक दानापुर), मखदूम रास्ती नगर मिल्लत कॉलोनी, कुर्बान मस्जिद ईसापुर, फेडरल कॉलोनी हारूननगर, आशियाना-दीघा रोड, समनपुरा बाजार, नूरी मस्जिद ईसापुर सहित दर्जनों मस्जिदों में आस्था का वही आलम दिखा। उलेमा-ए-कराम ने खुत्बों में रमज़ान की अहमियत पर रोशनी डालते हुए सब्र, तक़वा और इंसानियत का पैगाम दिया।
नमाज़ के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर रमज़ान की मुबारकबाद दी। मस्जिदों के बाहर जरूरतमंदों के लिए खैरात और मदद का सिलसिला भी जारी रहा।
पहले जुमे को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। फुलवारी शरीफ में अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और दंडाधिकारी तैनात रहे। प्रमुख मस्जिदों व चौराहों पर पुलिस गश्त करती रही तथा ट्रैफिक व्यवस्था के लिए विशेष प्लान लागू किया गया। प्रशासन के अनुसार सभी स्थानों पर नमाज़ शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई और कहीं से किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।

अजीत कुमार की रिपोर्ट