
पटना। गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर गांव में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी कर बड़ी कार्रवाई करते हुए 3.5 किलोग्राम गांजा, एक पिस्टल और विदेशी शराब की बोतलें बरामद की हैं। इस दौरान मौके से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया।
थानाध्यक्ष अमित कुमार ने बताया कि 19 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:30 बजे सूचना मिली कि शाहपुर स्थित विक्की कुमार उर्फ विशाल के अर्धनिर्मित मकान में गांजा, शराब और अवैध हथियार की बिक्री की जा रही है। सूचना मिलते ही अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पटना सदर को अवगत कराया गया। उनके निर्देश पर छापेमारी टीम गठित की गई, जिसमें पुलिस पदाधिकारी, सशस्त्र बल तथा अनुसंधान किट शामिल थी। अंचलाधिकारी, संपतचक को भी कार्रवाई की जानकारी दी गई।
शाम करीब 6:00 बजे पुलिस टीम गुप्तचर की निशानदेही पर बताए गए मकान पर पहुंची। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद तीन युवक भागने लगे, जिन्हें घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान विक्की कुमार उर्फ विशाल (31 वर्ष), सूरज कुमार (33 वर्ष) एवं रंजीत कुमार (17 वर्ष), सभी निवासी शाहपुर, थाना गोपालपुर, जिला पटना के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान लाल पॉलिथीन में लिपटा 3.5 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया, जिसका वजन इलेक्ट्रॉनिक तराजू से किया गया। इसके अतिरिक्त एक मैगजीन लगा पिस्टल भी बरामद हुआ, जिसके बट पर पीतल का स्टार बना था और उस पर ‘मेड इन यूएसए’ अंकित था। कमरे में छिपाकर रखी गई विदेशी शराब की बोतलें भी पुलिस ने जब्त कीं।
पुलिस ने सभी बरामद सामान को जब्त कर लिया है। तीनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
