
पटना जिले के गौरीचक थाना क्षेत्र अंतर्गत बेलदारी चक इलाके में पुलिस ने अवैध शराब और गांजा के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। छापेमारी के दौरान अंग्रेजी शराब की बोतलों के साथ भारी मात्रा में गांजा और पैकेजिंग मशीन बरामद की गई है।
पुलिस उपाधीक्षक सह थानाध्यक्ष गौरीचक विनय कुमार रंजन ने बताया कि बेलदारी चक स्थित एक मकान में अवैध शराब बिक्री की गुप्त सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर छापेमारी की गई, जहां से एक महिला को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से 20 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद की गई है, जिसमें रॉयल स्टैग और इंपिरियल ब्लू ब्रांड शामिल हैं।
इसी कार्रवाई के क्रम में बेलदारी चक बाजार से गांजा बेचने के आरोप में एक व्यक्ति को पकड़ा गया। पूछताछ के बाद पुलिस उसे उसके गांव बीबीपुर ले गई। वहां उसकी एक गुमटी से 100 से अधिक पुड़िया गांजा, गांजा काटने व पैक करने की मशीन तथा अन्य उपकरण बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। थानाध्यक्ष ने कहा कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हाल में इसे पनपने नहीं दिया जाएगा।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
