
खगौल/पटना। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को खगौल नगर भक्ति के रंग में रंग गया। धर्म प्रेमी संघ द्वारा राम लखन लाल ठाकुरबाड़ी मंदिर, लाल चौक से भगवान भोले शंकर की भव्य एवं ऐतिहासिक शोभायात्रा निकाली गई, जिसमें बिहार सरकार के कृषि मंत्री रामकृपाल यादव जुलूस में शामिल हुए।
शोभायात्रा में घोड़ा, ऊंट, बैंड-बाजा, आकर्षक झांकियां तथा भूत-प्रेत व बेताल की झलकियां श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केंद्र रहीं। “हर-हर महादेव” के जयघोष से पूरा नगर गुंजायमान हो उठा। सड़क के दोनों किनारों पर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी। जगह-जगह शिव भक्तों ने भगवान शिव की आरती उतारकर पुष्प वर्षा के साथ बारात का स्वागत किया।
आयोजन समिति के अध्यक्ष रितेश कुमार उर्फ बिट्टू ने बताया कि वर्षों से नगरवासियों के सहयोग से महाशिवरात्रि पर इस भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया जाता रहा है, जिसका उद्देश्य आपसी प्रेम और सौहार्द को बढ़ावा देना है।
झांकी में भगवान शिव-पार्वती, हनुमान, विष्णु, गणेश सहित अन्य देवी-देवताओं की मनोहारी प्रस्तुति की गई। छोटे-छोटे बच्चे भूत-प्रेत के वेश में नृत्य करते हुए चल रहे थे। माता पार्वती की सुसज्जित पालकी को श्रद्धालु कंधे पर उठाकर नगर भ्रमण करा रहे थे।
शिव विवाह महोत्सव से पूर्व मरवा, जलाभिषेक, प्रसाद वितरण और विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें करीब दो हजार श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। शिव विवाह उत्सव के दौरान बड़ी संख्या में महिलाओं ने भजन-कीर्तन में भाग लिया। आयोजन में नगर के कई गणमान्य लोग एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
