
पटना। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर रविवार को फुलवारी शरीफ और संपतचक समेत शहरी और ग्रामीण इलाकों में आस्था का ऐसा सैलाब उमड़ा कि हर गली, हर चौक और हर शिवालय “हर-हर महादेव” के जयघोष से गूंज उठा। अहले सुबह से ही सैकड़ों श्रद्धालु नंगे पांव मंदिरों की ओर बढ़ते नजर आए। हाथों में जल, दूध, बेलपत्र, धतूरा और फूल लिए भक्तों ने भगवान शिव का विधि-विधान से जलाभिषेक किया और पूरे दिन पूजा-अर्चना का सिलसिला चलता रहा।
मंदिरों को रंग-बिरंगी लाइटों और फूल-पत्तों से भव्य रूप से सजाया गया था। फुलवारी शरीफ थाना परिसर स्थित शिव मंदिर में देर रात तक भक्ति गीतों की स्वर लहरियां गूंजती रहीं। यहां 24 घंटे का अखंड कीर्तन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
गांव-गांव में गूंजा शिव नाम
वाल्मी, भुसौला, रामनगर, फुलिया टोला, नकटी भवानी, चकमुसा, बभनपूरा, नगवा, जानीपुर, सब्जपूरा, बजरंगबली कॉलोनी, इसोपुर, करोड़ीचक, राष्ट्रीयगंज, उफरपुरा, महुआबाग, बीएमपी-16, वेटनरी कॉलेज, अनीसाबाद, बेउर, बालमीचक, हरनीचक, मित्रमंडल कॉलोनी, साकेत बिहार, बिड़ला कॉलोनी, परसा बाजार, कुर्थौल, एतवारपुर, संपतचक, बैरिया, गोपालपुर और गौरीचक समेत दर्जनों इलाकों में दिनभर श्रद्धालु शिवालयों में उमड़ते रहे। कई स्थानों पर अखंड कीर्तन, शिव चर्चा और भजन-कीर्तन के आयोजन से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा।
भूत-बेताल की वेशभूषा में सजी शिव बारात
सब्जपूरा और खलीलपुरा में निकली भव्य शिव बारात आकर्षण का केंद्र रही। महिलाएं, बच्चे और युवा भूत, बेताल और पिशाच की वेशभूषा में नाचते-गाते बारात में शामिल हुए। भगवान शिव और माता पार्वती समेत विभिन्न देवी-देवताओं की मनमोहक झांकियों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। घोड़ा, ऊंट और बैंड-बाजा के साथ निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
इसी तरह जगनपुरा, रामकृष्ण नगर, बेउर, संपतचक, सिरपत, इलाहीबाग, गौरीचक, बेलदारीचक, बैरिया और शाहपुर समेत कई इलाकों में भी भव्य शिव बारात और झांकियां निकाली गईं, जहां श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था।

प्रतिबंध के बावजूद गूंजा डीजे
प्रशासन द्वारा डीजे पर प्रतिबंध लगाए जाने के बावजूद कई स्थानों पर तेज धुन पर श्रद्धालु झूमते नजर आए। कार्यक्रम स्थलों पर पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी तो रही, लेकिन कहीं भी प्रतिबंधित डीजे को रोकने की ठोस कार्रवाई नहीं दिखी। इसे लेकर स्थानीय स्तर पर चर्चा का माहौल बना रहा।
महाशिवरात्रि के इस विशेष अवसर पर फुलवारी शरीफ और आसपास के इलाकों में भक्ति, उत्साह और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला—जहां एक ओर श्रद्धा का सैलाब उमड़ा, वहीं दूसरी ओर भव्य शिव बारात ने पूरे क्षेत्र को शिवमय कर दिया।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
