
पटना के गोला रोड इलाके में दिनदहाड़े हत्या कर नगदी लूटने की साजिश को एसटीएफ बिहार और डीआईयू पटना की टीम ने समय रहते विफल कर दिया। शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे मिली गुप्त सूचना के आधार पर गोला रोड चौराहा व सोनू मार्केट के पास विशेष वाहन जांच शुरू की गई। इसी दौरान कुछ युवक संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल के साथ खड़े दिखे। पुलिस को देखते ही कुछ लोग भागने लगे, जिसके बाद वायरलेस संदेश के जरिए आसपास के थानों को अलर्ट किया गया। पीछा करते हुए शिवपुरी मोड़, अटल पथ के पास छह संदिग्धों को घेरकर पकड़ लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया कि गांधी मैदान क्षेत्र से मोटी रकम लेकर आने वाले व्यक्ति को गोला रोड चौराहा पर गोली मारकर लूटने की योजना बनाई गई थी। आरोपियों के बयान के आधार पर गोला रोड स्थित एक अपार्टमेंट में छापेमारी कर कथित मुख्य साजिशकर्ता को भी हिरासत में लिया गया। उसकी निशानदेही पर कुसुमपुरम कॉलोनी क्षेत्र से मिट्टी-कंकड़ में छिपाकर रखा गया एक देशी कट्टा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए। इसके अलावा एक टैब और 10 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं।

गिरफ्तार आरोपियों में गुलशन कुमार (38) पिता देवेन्द्र साह, मूल निवासी राजा जान थाना मानसी जिला खगड़िया, वर्तमान इन्द्रपुरी रोड नं. 15 थाना पाटलीपुत्रा पटना; अभिज्ञान प्रकाश (25) पिता बिमलेश कुमार पाण्डेय, निवासी रोड नं. 1B शिवपुरी थाना शास्त्रीनगर पटना; पप्पू कुमार (28) पिता विद्यानन्द विश्वास, निवासी शिवपुरी मानस मार्ग रोड नं. 03 थाना शास्त्रीनगर पटना; रवि कुमार (21) पिता नरेश पाण्डेय, मूल निवासी रामी बिगहा थाना अस्थामा जिला नालंदा, वर्तमान नॉर्थ मंदीरी थाना बुद्धा कॉलोनी पटना; रौशन कुमार (22) पिता उमेश राय, निवासी बुद्धा कॉलोनी थाना बुद्धा कॉलोनी पटना तथा पवन कुमार (28) पिता राजेश गुप्ता, मूल निवासी माझा थाना माझा जिला गोपालगंज, वर्तमान विवेक विहार कॉलोनी थाना रूपसपुर पटना शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि समय पर कार्रवाई नहीं होती तो बड़ी वारदात हो सकती थी। फिलहाल सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पूरे आपराधिक नेटवर्क की जांच की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट
