
पटना। गौरीचक थाना क्षेत्र के जमुनापुर गांव में चोरों ने एक घर का ताला तोड़कर लाखों रुपये की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पीड़ित परिवार ने अज्ञात चोरों के खिलाफ थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जमुनापुर निवासी संजीत कुमार को 12 तारीख की रात सूचना मिली कि उनके घर का ताला टूटा हुआ है। सूचना पर जब वे घर पहुंचे तो देखा कि मुख्य दरवाजा ग्राइंडर से काटकर खोला गया था। घर के अंदर सभी कमरों को खंगाल दिया गया था और सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़ित के अनुसार चोर करीब चार लाख रुपये मूल्य के जेवरात तथा नकद राशि चोरी कर ले गए। घर के बक्से, आलमारी और अन्य सामान को तोड़फोड़ कर अस्त-व्यस्त कर दिया गया, जिससे परिवार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
ग्रामीणों ने बताया कि इससे पहले भी इलाके में दो बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। उन मामलों में प्राथमिकी दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई या खुलासा नहीं हो सका है। लगातार हो रही वारदातों से लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ती जा रही है।
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वाड की टीम को भी बुलाया गया, लेकिन जांच के दौरान कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लग सका।
पुलिस ने बताया कि आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है तथा संदिग्धों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही मामले के खुलासे का दावा किया है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्ती बढ़ाने और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुदृढ़ करने की मांग की है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
