पटना।
ईमामगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक देशी बोल्ट एक्शन राइफल बरामद की है। सिटी एसपी पश्चिमी भानु प्रताप सिंह ने पूरे मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ग्राम मुंगीला निवासी एक व्यक्ति अपने घर में अवैध हथियार छिपाकर रखे हुए है और गांव में दहशत फैलाने की मंशा रखता है।

प्राप्त सूचना के आधार पर नगर पुलिस अधीक्षक, पश्चिमी पटना के निर्देश पर ईमामगंज थाना की पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यक्ति के घर पर छापामारी की। छापेमारी के दौरान आरोपी घर पर मौजूद नहीं पाया गया।
पुलिस द्वारा घर की विधिवत तलाशी लेने पर मकान के बगल स्थित भूसा के दलान से एक देशी बोल्ट एक्शन राइफल और एक सिलिंग बरामद की गई। सिटी एसपी पश्चिमी ने बताया कि बरामद हथियार को जब्त कर लिया गया है और आर्म्स एक्ट के तहत आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
उन्होंने बताया कि पुलिस अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है और ऐसे तत्वों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।
छापामारी दल में ईमामगंज थाना के थानाध्यक्ष सह पुलिस अवर निरीक्षक रौशन कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक दीपक कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।

ब्यूरो रिपोर्ट