पटना।
जानीपुर थाना क्षेत्र में 70 लाख रुपये की फिरौती के लिए डॉक्टर के अपहरण के मामले का पुलिस ने सफल उद्भेदन कर लिया है। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर अपहृत डॉक्टर को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में समस्तीपुर जिले से तीन अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
सिटी एसपी (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि 10 फरवरी 2026 को जानीपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत आर्यभट्ट इंस्टिट्यूट ऑफ नर्सिंग एवं पारा मेडिकल कॉलेज, रामपुर से डॉ. सर्वेश कुमार तिवारी अपने आवास राजीवनगर लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में अपराधियों ने उनका अपहरण कर लिया। अपहरण के बाद परिजनों से 70 लाख रुपये की फिरौती की मांग की जाने लगी।
घटना की सूचना मिलते ही परिजनों द्वारा जानीपुर थाना में लिखित आवेदन दिया गया, जिसके आधार पर जानीपुर थाना कांड संख्या 45/26, दिनांक 10.02.2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 140(2) एवं 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई।
सिटी एसपी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी फुलवारीशरीफ-02 एवं जानीपुर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग और मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए समस्तीपुर जिले के वारिसनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत मकसूदपुर गांव से अपहृत डॉक्टर को सकुशल बरामद कर लिया।
इस दौरान पुलिस ने तीन आरोपियों—52 वर्षीय रविन्द्र प्रसाद सिंह, 29 वर्षीय राकेश कुमार और 24 वर्षीय मनीष कुमार (तीनों वारिसनगर थाना क्षेत्र, समस्तीपुर निवासी)—को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि नौकरी दिलाने और परीक्षा पास कराने के नाम पर हुए आर्थिक लेन-देन को लेकर अपहृत डॉक्टर और मनोज नामक व्यक्ति के बीच विवाद चल रहा था। इसी विवाद के क्रम में 70 लाख रुपये की मांग की जा रही थी। रकम नहीं मिलने पर मनोज द्वारा समस्तीपुर के अपराधियों को सुपारी देकर अपहरण की साजिश रचने की बात सामने आई है।
सिटी एसपी ने कहा कि गिरफ्तार अभियुक्तों से पूछताछ के आधार पर अन्य संलिप्त अपराधियों की पहचान की जा रही है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई में जानीपुर थानाध्यक्ष नवीन कुमार सिंह, पुलिस अवर निरीक्षक संजीव कुमार, सिपाही भरत भूषण कुमार राय, सिपाही रविन्द्र कुमार सहित नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) कार्यालय की डीआईयू टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

अजीत कुमार की रिपोर्ट