संपतचक/पटना।
बिहार सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री ग्राम संपर्क योजना के तहत संपतचक नगर परिषद क्षेत्र में कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितता और घटिया निर्माण का मामला सामने आया है। ग्राम मनोहरपुर (कछुआरा) निवासी सुरेंद्र प्रसाद ने इस संबंध में मुख्यमंत्री बिहार एवं जिलाधिकारी पटना को आवेदन देकर निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है।
शिकायत के अनुसार, “कनौजिया कॉर्नर आरसीसी कलवर्ट से पप्पू चंद्रवंशी तक” लगभग 0.200 किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य मां पार्वती बिल्डकॉन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराया जा रहा है। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित तकनीकी मानकों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है। प्राक्कलन के अनुरूप मिट्टी कार्य, डब्ल्यूबीएम ग्रेड-3 सहित अन्य आवश्यक लेयर बिछाने में भारी लापरवाही बरती जा रही है। आरोप है कि जब स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताई तो ठेकेदार और संबंधित विभागीय कर्मियों ने शिकायत को गंभीरता से नहीं लिया।
सुरेंद्र प्रसाद ने अपने आवेदन में मांग की है कि निर्माण कार्य की जांच किसी निष्पक्ष तकनीकी टीम से कराई जाए, दोषी ठेकेदार एवं ग्रामीण कार्य विभाग (कार्य प्रमंडल, पटना) के जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए और सड़क निर्माण को स्वीकृत मानकों के अनुसार पूर्ण कराया जाए।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी राशि जनता की गाढ़ी कमाई है और इसका सही व पारदर्शी उपयोग होना चाहिए। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि समय रहते जांच नहीं हुई तो खराब निर्माण के कारण भविष्य में आम लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ सकती है।

अजीत कुमार की रिपोर्ट