
बिहटा | थाना क्षेत्र के श्रीरामपुर टोला में पुलिस ने एक बड़े फर्जीवाड़े का भंडाफोड़ करते हुए नकली स्टीकर बनाने वाले गिरोह की गतिविधियों का खुलासा किया है। छापेमारी के दौरान पुलिस को सरसों तेल, डालडा, फॉर्च्यून और हार्पिक जैसी नामी कंपनियों से जुड़े सैकड़ों नकली स्टीकर मिले, जिन्हें बाजार में खपाने की तैयारी चल रही थी।
पुलिस को मौके से स्टीकर निर्माण में उपयोग किए जा रहे तीन लैपटॉप और एक प्रिंटर भी हाथ लगे हैं। बताया जा रहा है कि इन नकली स्टीकरों को असली उत्पादों पर चिपकाकर उपभोक्ताओं को ठगने की योजना थी।
गुप्त सूचना के आधार पर की गई इस कार्रवाई में पुलिस के पहुंचने से पहले मुख्य आरोपी फरार हो गया, हालांकि उसकी पहचान कर ली गई है। पुलिस लगातार उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि जब्त किए गए उपकरणों और स्टीकरों की गहन जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में संगठित तरीके से नकली स्टीकर तैयार कर बाजार में सप्लाई किए जाने की आशंका सामने आई है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही फरार आरोपी की गिरफ्तारी कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जाएगा।
निशांत कुमार की रिपोर्ट
