पटना।
शहर में अपराध पर लगाम कसने और पुलिसिंग को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए सोमवार को पटना पुलिस के पश्चिमी एवं मध्य क्षेत्र में मंथन का दौर चला। नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी एवं मध्य) भानुप्रताप सिंह की अध्यक्षता में 09 फरवरी 2026 को आयोजित मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी में सभी अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, थानाध्यक्ष और संबंधित पुलिस अधिकारी एक ही मंच पर जुटे।

बैठक के दौरान एसपी भानुप्रताप सिंह ने साफ शब्दों में कहा कि अब पुराने तौर-तरीकों से काम नहीं चलेगा। गंभीर और जघन्य मामलों में तकनीक को हथियार बनाकर अनुसंधान किया जाए। उन्होंने अनुसंधानकर्ताओं को सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल डाटा, कॉल डिटेल्स और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के बेहतर उपयोग का निर्देश देते हुए कहा कि इससे न सिर्फ अपराधियों तक जल्दी पहुंचा जा सकेगा, बल्कि मामलों का निष्पादन भी तेज और मजबूत होगा।

अपराध नियंत्रण को लेकर बैठक में कई अहम बिंदुओं पर चर्चा हुई। सड़कों पर सघन वाहन चेकिंग, रात के समय प्रभावी गश्ती, फरार और वांछित अपराधियों की धर-पकड़ को तेज करने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध हथियार, शराब और मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर सख्ती से कार्रवाई करने पर जोर दिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक ने सभी थानाध्यक्षों को अपने-अपने इलाकों की नब्ज पहचानने और अपराध की बदलती प्रवृत्तियों पर पैनी नजर रखने को कहा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जनता से बेहतर संवाद और समय पर कार्रवाई ही पुलिस की सबसे बड़ी ताकत है। बैठक का संदेश साफ था—पश्चिमी और मध्य पटना में अपराधियों के लिए अब कोई ढील नहीं, पुलिस पूरी तरह एक्शन मोड में है।

ब्यूरो रिपोर्ट