
आरा (भोजपुर)।
होली पर्व को लेकर जिले में अवैध शराब के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जा रही है। जिलाधिकारी भोजपुर तनय सुल्तानिया के निर्देश पर मद्यनिषेध विभाग द्वारा लगातार छापेमारी और वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मद्यनिषेध विभाग को बड़ी सफलता हाथ लगी है।
सहायक आयुक्त मद्यनिषेध रजनीश को गुप्त सूचना मिली थी कि आगरा की ओर से एक ट्रक में भारी मात्रा में विदेशी शराब बिहार के वैशाली जिले की ओर ले जाई जा रही है। सूचना के आधार पर निरीक्षक अनिल कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। मद्यनिषेध इकाई पटना के सहयोग से मोहनिया–आरा मुख्य मार्ग पर शिवपुर मोड़ के पास, थाना धनगाई क्षेत्र में सघन वाहन जांच अभियान चलाया गया।
जांच के दौरान 12 चक्का ट्रक को रोका गया। तलाशी लेने पर ट्रक में चुने के बोरों की आड़ में छिपाकर रखी गई भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब बरामद की गई। इस मामले में ट्रक चालक नुरुल एजाम, पिता फरुख अंसारी, निवासी चिरूडीह, थाना दुमका, जिला दुमका (झारखंड) को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
मद्यनिषेध विभाग के अनुसार ट्रक से कुल 19,860 पीस, लगभग 6,595.560 लीटर अवैध विदेशी शराब जब्त की गई है, जिसकी बाजार कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है। जब्त शराब आगरा से वैशाली (बिहार) ले जाई जा रही थी।
इस छापेमारी दल में निरीक्षक अनिल कुमार के अलावा सहायक अवर निरीक्षक राजकुमार, मदन लाल यादव, धीरज कुमार, मद्यनिषेध सिपाही, सैप तथा होमगार्ड के जवान शामिल थे। मद्यनिषेध विभाग ने कहा है कि होली के मद्देनज़र आगे भी ऐसे अभियान लगातार जारी रहेंगे।
अनील त्रिपाठी की रिपोर्ट
