
पटना।
शुक्रवार की देर रात नौबतपुर-शिवाला मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन की टक्कर से बुलेट सवार एक युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। यह हादसा फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र के बोधगामा गांव के सामने घटित हुआ। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक बुलेट मोटरसाइकिल से शिवाला की ओर से नौबतपुर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही फुलवारी शरीफ थाना पुलिस और यातायात थाना सगुना मोड़ की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच के दौरान मृतक की पहचान नौबतपुर थाना क्षेत्र के चिरौरा गांव निवासी ललन ठाकुर के 35 वर्षीय पुत्र विकास कुमार के रूप में हुई। पुलिस द्वारा सूचना दिए जाने के बाद परिजन घटनास्थल पर पहुंचे, जहां मां, पिता, पत्नी, भाई सहित पूरे परिवार का रो-रोकर बुरा हाल था।
बताया जाता है कि विकास कुमार दो भाइयों में बड़ा था और डेकोरेशन का कार्य कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। गांव में भी मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। मृतक का छोटा भाई विक्की कुमार है।
ग्रामीणों ने बताया कि हादसा देर रात सन्नाटे में हुआ। यदि समय रहते घायल को अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद जान बच सकती थी, हालांकि टक्कर की तीव्रता को देखते हुए बचने की संभावना बेहद कम बताई जा रही है।
इस संबंध में फुलवारी शरीफ थाना अध्यक्ष मोहम्मद गुलाम शाहबाज आलम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची थी। परिजनों द्वारा पोस्टमार्टम कराने से इनकार किए जाने के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए पंचनामा बनाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस अज्ञात वाहन की पहचान और मामले की जांच में जुटी हुई है।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
