पटना।
पश्चिमी पटना में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का डंडा लगातार चल रहा है। बीते 24 घंटे में की गई कार्रवाई से अपराध की दुनिया में खलबली मच गई है और कई थानों में दर्ज गंभीर मामलों के आरोपी एक-एक कर पुलिस की गिरफ्त में आए हैं।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के तहत कुल 41 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार आरोपियों में हत्या के प्रयास, हत्या, डकैती, अपहरण, धोखाधड़ी और जालसाजी जैसे संगीन अपराधों में शामिल बदमाश हैं।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार खगौल थाना कांड में जालसाजी के आरोप में राजेश कुमार, अभिनय राणा और सोनू कुमार को गिरफ्तार किया गया। शाहपुर थाना क्षेत्र से धोखाधड़ी के आरोपी चंचल कुमार और पुराने कांड के वारंटी जवाहर सिंह उर्फ जवाहर प्रसाद को पकड़ा गया। बिहटा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में विकास कुमार, रोहन सिंह, राहुल कुमार, सिट्टू कुमार और संजय कुमार सिंह सहित नामजद अभियुक्त गिरफ्तार किए गए।
मनेर थाना कांड में हत्या के आरोपी शक्ति राय को दबोचा गया। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र में अपहरण के मामले में मो. वसीम उर्फ पप्पू को गिरफ्तार किया गया। वहीं पालीगंज थाना क्षेत्र से हत्या के प्रयास के आरोपी संतोष चौधरी, सिगोड़ी थाना से सुजीत चौहान, रानीतालाब थाना से हत्या के प्रयास के एनबीडब्ल्यू वारंटी धीरज कुमार, तथा दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र से डकैती के आरोपी ओमप्रकाश कुमार उर्फ बाबू यादव और हत्या के प्रयास के आरोपी विजेंद्र यादव उर्फ बिरेन्द्र यादव को गिरफ्तार किया गया।
इसके अलावा मनेर थाना के एक पुराने मामले में घुरखेली राय और विनय राय ने माननीय न्यायालय में आत्मसमर्पण किया। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान हथियार, कारतूस और बड़ी मात्रा में शराब भी बरामद की है।
सिटी एसपी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और किसी को बख्शा नहीं जाएगा।

ब्यूरो रिपोर्ट