
फुलवारी शरीफ।
जुझारपुर–मायाभवन रोड से पुनपुन सुरक्षा बांध तक प्रस्तावित सड़क का निर्माण वर्षों बाद भी शुरू नहीं हो सका है। ग्रामीण कार्य विभाग की उदासीनता के कारण यह महत्वपूर्ण सड़क परियोजना लंबित पड़ी है, जिससे क्षेत्र के कई गांवों के लोगों को रोजमर्रा की आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार मौजा कोली स्थित नवनिर्मित पंचायत सरकार भवन, लंका कछुआरा तथा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर कोली से सीधे दक्षिण पुनपुन सुरक्षा बांध तक जाने वाली यह मुख्य सड़क क्षेत्र के लिए जीवनरेखा साबित हो सकती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया गया था। मामला माननीय मुख्यमंत्री तक पहुंचने के बाद विभाग की ओर से एरियल सर्वे कर योजना में शामिल करने का आश्वासन भी दिया गया, लेकिन जमीनी स्तर पर अब तक कोई काम शुरू नहीं हो पाया है।
ग्रामीणों के अनुसार सड़क बन जाने से लखीपुर कोली, अल्लाबकसपुर, उदयपुर, नादघाट, अबस्तीचक, फहीमपुर और लंका कछुआरा समेत कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। पंचायत सरकार भवन, स्वास्थ्य केंद्र और पुनपुन सुरक्षा बांध तक पहुंच आसान होगी। वर्तमान बदहाल स्थिति में लोगों को लंबा और घुमावदार रास्ता अपनाना पड़ता है, जिससे समय के साथ आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ता है।
स्थानीय ग्रामीणों ने सरकार और संबंधित विभाग से शीघ्र सड़क निर्माण कार्य शुरू कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यह सड़क न केवल क्षेत्रीय विकास के लिए जरूरी है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं तक आसान पहुंच और प्रशासनिक कार्यों में तेजी लाने में भी अहम भूमिका निभाएगी। अब ग्रामीणों की नजर सरकार के अगले फैसले पर टिकी हुई।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
