
फुलवारी शरीफ। मध्य निषेध विभाग की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शुक्रवार को संपतचक इलाके में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब बरामद की है। इस दौरान अवैध शराब कारोबार में संलिप्त एक धंधेबाज को गिरफ्तार किया गया है।
निषेध विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार 7 फरवरी 2026 की शाम करीब 5.30 बजे मिलन नगर, शाहपुर थाना के गोपालपुर क्षेत्र में छापेमारी की गई। सूचना मिलते ही मद्य निषेध निरीक्षक दीपक महतो के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर कार्रवाई की गई।
छापेमारी के दौरान कुल 102 बोतल टेट्रा पैक सहित 59.4 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 71 हजार रुपये आंकी गई है।
कार्रवाई के दौरान शाहपुर निवासी अनीस कुमार को मौके से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायिक प्रक्रिया के तहत जेल भेजने की तैयारी की जा रही है।
छापेमारी दल में निरीक्षक दीपक महतो के अलावा एएसआई धर्मेंद्र कुमार, गौतम कुमार, रजनीकांत एवं सिपाही राहुल शामिल थे। निषेध विभाग ने बताया कि अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अजीत कुमार की रिपोर्ट
