
पटना जिले के बिहटा प्रखंड में सोमवार को रक्षा मंत्रालय से जुड़ी राष्ट्रीय रक्षा महाविद्यालय की 18 सदस्यीय टीम ने सदिसोपुर पंचायत का दौरा किया। इस दौरान टीम ने ग्रामीण क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की जमीनी स्थिति को परखा और मनरेगा योजना के तहत कराए गए चारदीवारी निर्माण, मिट्टी भराई, पेवर ब्लॉक पथ और खेल मैदान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कार्यों की गुणवत्ता और उपयोगिता को लेकर अधिकारियों से विस्तृत जानकारी ली गई।
दौरे के क्रम में टीम ने विभिन्न विभागीय पदाधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों के क्रियान्वयन, प्रशासनिक समन्वय और भविष्य की योजनाओं पर चर्चा की। ग्रामीण इलाकों में बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ करने के साथ-साथ क्षेत्रीय विकास को राष्ट्रीय हितों से जोड़ने पर भी मंथन हुआ। अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के परिभ्रमण से योजनाओं में पारदर्शिता और प्रभावशीलता बढ़ती है।
इसके अलावा टीम ने सदिसोपुर मध्य विद्यालय का भी निरीक्षण किया, जहां विद्यालय में हुए शैक्षणिक और भौतिक विकास कार्यों की जानकारी दी गई। छात्रों के लिए बनाए गए खेल मैदान, हरियाली बढ़ाने के लिए किए गए पौधारोपण और शैक्षणिक वातावरण की टीम ने सराहना की। इस अवसर पर मनरेगा की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी कुमारी विनीता, प्रखंड कार्यक्रम पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, पंचायत की मुखिया दीक्षा प्रियदर्शी तथा समाजसेवी कवि कुशवाहा सहित कई लोग मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
