
पटना। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान पटना में आयोजित होने वाले वार्षिक टेक्नो-कल्चरल-मैनेजमेंट महोत्सव अन्वेषा 2026 की तैयारियाँ पूरी कर ली गई हैं। महोत्सव के 15वें संस्करण का आयोजन 6 से 8 फरवरी तक किया जाएगा। इसको लेकर संस्थान प्रबंधन की ओर से मीडिया को आवश्यक जानकारी दी गई।
आईआईटी पटना के निदेशक प्रो. टी. एन. सिंह ने बताया कि अन्वेषा विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मकता, नवाचार और नेतृत्व क्षमता प्रदर्शित करने का अवसर देता है। उन्होंने कहा कि यह महोत्सव अब केवल राज्य तक सीमित नहीं रहा, बल्कि देशभर के छात्रों की सहभागिता वाला मंच बन चुका है।

इस अवसर पर डीन स्टूडेंट्स अफेयर्स प्रो. जिमसन मैथ्यू, जिमखाना अध्यक्ष डॉ. ए. के. झा, पीआईसी (कल्चर) ए. के. मुखर्जी, कृपाशंकर सिंह, डॉ. शिवांगीश्री, प्रधान सचिव कल्चर काशिका अग्रवाल और वीपी जिमखाना अनिरुद्ध सिंह सहित अन्य उपस्थित थे।
महोत्सव की थीम “पैलिंजनेसिस रिवरी” रखी गई है, जो रचनात्मक पुनरुत्थान का प्रतीक है। आधिकारिक शुभंकर ईर्वन को युवा ऊर्जा और नवाचार का प्रतिनिधि बताया गया है।
तीन दिवसीय आयोजन में कुल 32 प्रतियोगिताएँ होंगी, जिनमें 27 ऑफलाइन और 5 ऑनलाइन शामिल हैं। इसके साथ ही हर शाम सांस्कृतिक कार्यक्रम और सेलिब्रिटी प्रस्तुतियाँ होंगी। 6 फरवरी को वर्सी ब्रदर्स की कव्वाली, 7 फरवरी को निखिता गांधी की प्रस्तुति और 8 फरवरी को दर्शन रावल का लाइव कॉन्सर्ट प्रस्तावित है।
ब्यूरो रिपोर्ट
