पटना। फुलवारी शरीफ थाना क्षेत्र अंतर्गत खगौल लख के पास एम्बुलेंस चालक के साथ मारपीट कर एम्बुलेंस व मोबाइल फोन लूट की घटना का पुलिस ने महज 12 घंटे के भीतर सफल उद्भेदन कर लिया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि लूटी गई एम्बुलेंस, चालक का मोबाइल फोन और घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार 31 जनवरी 2026 को सूचना मिली थी कि खगौल लख के पास कुछ अज्ञात अपराधियों ने एम्बुलेंस चालक और उसके दो सहयोगियों के साथ मारपीट व गाली-गलौज करते हुए एम्बुलेंस (रजिस्ट्रेशन संख्या UP23T 4521) और मोबाइल फोन लूट लिया। इस संबंध में एम्बुलेंस मालिक के लिखित आवेदन पर फुलवारी शरीफ थाना कांड संख्या 218/26, दिनांक 31.01.2026, धारा 309 (4) भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर अनुसंधान शुरू किया गया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) के निर्देशन में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। तकनीकी अनुसंधान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त फॉर्च्यूनर वाहन की पहचान की। इसके बाद त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में लिया गया, जिसकी निशानदेही पर फॉर्च्यूनर वाहन बरामद किया गया। आगे की छापामारी में लूटी गई एम्बुलेंस और मोबाइल फोन भी बरामद कर लिए गए, जबकि अन्य तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
नगर पुलिस अधीक्षक (पश्चिमी) भानु प्रताप सिंह ने बताया कि सभी आरोपियों को तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने कहा कि लूट और हिंसक घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

अजीत कुमार की रिपोर्ट