बिहटा/पटना।

रेलयात्रियों की मूलभूत सुविधाओं की बहाली और स्टेशनों के समग्र विकास को लेकर रेलयात्री कल्याण समिति लगातार प्रयासरत है। इसी क्रम में गुरुवार को दानापुर रेल मंडल के अंतर्गत सदिसोपुर रेलवे स्टेशन परिसर में समिति की शाखा का विस्तार किया गया। कार्यक्रम के दौरान स्टेशन की बदहाल स्थिति—गंदगी, झाड़ियों का फैलाव, शौचालय की अनुपलब्धता और यात्री सुविधाओं के अभाव—पर गहरी चिंता व्यक्त की गई।

इस अवसर पर रेलयात्री कल्याण समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुधीर कुमार सिंह ने कहा कि रेलयात्री देश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उन्हें पूर्ण सुरक्षा, स्वच्छ पेयजल, शौचालय, यात्री शेड, साफ-सफाई, उचित ट्रेनों का ठहराव तथा समय पर परिचालन जैसी सुविधाएं मिलना उनका संवैधानिक अधिकार है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सदिसोपुर और नेऊरा, पटेल हॉल्ट, गांधी हॉल्ट जैसे स्टेशनों की उपेक्षा अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और इसके लिए दानापुर डीआरएम एवं डीसीएम से मिलकर मांगें रखी जाएंगी।

कार्यक्रम में बिहटा प्रखंड के बसौढ़ा गांव निवासी जयंत कुमार गौरव को सदिसोपुर सह नेऊरा स्टेशन के अध्यक्ष के रूप में मनोनीत किया गया। जयंत कुमार गौरव ने कहा कि वे यात्रियों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे और स्टेशन को सुविधायुक्त बनाने के लिए संगठन के साथ मिलकर संघर्ष करेंगे।

इस मौके पर राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष विजेन्द्र कुमार सिंह यादव ने संगठन को मजबूत करने पर जोर दिया, वहीं राष्ट्रीय संगठन मंत्री ओमप्रकाश सिंह ने कहा कि जनसहभागिता से ही रेलवे को यात्रियों के प्रति जवाबदेह बनाया जा सकता है। कार्यक्रम में बिहटा सह सदिसोपुर कार्यकारी अध्यक्ष रवि कुमार, मनोज कुमार, संगीता देवी, रौशनी कुमारी, रविन्द्र कुमार सहित कई अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवमनोनित अध्यक्ष को बधाई देते हुए यात्रियों के हित में एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प लिया।

ब्यूरो रिपोर्ट