
बिहटा।
बिहटा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर मंगलवार को उस समय भावनाओं से सराबोर नजर आया, जब प्रखंड के पूर्व प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. कृष्ण कुमार के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। वर्षों तक बिहटा की स्वास्थ्य सेवाओं को नई दिशा देने वाले डॉ. कृष्ण कुमार के औरंगाबाद जिले के नए सिविल सर्जन के रूप में पदोन्नत होने पर स्थानीय पदाधिकारियों, चिकित्सकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें फूल-मालाओं और शुभकामनाओं के साथ भावभीनी विदाई दी।

समारोह में उपस्थित लोगों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2015 से प्रखंड प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी के रूप में तैनाती के दौरान डॉ. कृष्ण कुमार ने टीम भावना के साथ कार्य करते हुए अस्पताल और कार्यालय व्यवस्था को मजबूत किया। उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य केंद्र को नया भवन मिला, अस्पताल व कार्यालय का विस्तार हुआ और आम जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकीं।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि लगभग 12 वर्षों तक उनके साथ काम करने का अनुभव बेहद प्रेरणादायक रहा। डॉ. कृष्ण कुमार ने हमेशा कर्मियों को साथ लेकर कार्य किया और जनहित को सर्वोपरि रखा। समारोह में सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए औरंगाबाद जिले के लिए उन्हें एक कुशल सिविल सर्जन बताया।
कार्यक्रम में डॉ. निशिता सिन्हा, डॉ. मनु प्रियदर्शिनी, रंजन प्रधान लिपिक, संतोष कुमार लिपिक, अमित सिंहा सहित समस्त चिकित्सा पदाधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
निशांत कुमार की रिपोर्ट
