
आरा (भोजपुर)।
भोजपुर जिले में जन्म प्रमाण पत्र बनाने के नाम पर रिश्वत मांगने का मामला सामने आया है। विशेष निगरानी इकाई (विजिलेंस) की टीम ने मंगलवार को आरा सदर प्रखंड कार्यालय से पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार पंचायत सचिव की पहचान जितेंद्र प्रसाद के रूप में हुई है, जो शेखपुरा जिले के शेखपुरा थाना क्षेत्र के कुसुम्मा गांव निवासी जयराम प्रसाद के पुत्र हैं। वे आरा सदर प्रखंड की दौलतपुर पंचायत में पंचायत सचिव के पद पर कार्यरत थे तथा पिरौटा पंचायत का भी अतिरिक्त प्रभार संभाल रहे थे।
इस मामले में पूर्वी चंपारण (मोतिहारी) जिले के पिपरा थाना क्षेत्र के गौरे गांव निवासी नवीन कुमार सिंह ने विशेष निगरानी इकाई में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायतकर्ता नवीन कुमार सिंह ने बताया कि उनके संबंधी मीना कुमारी, जो मुफस्सिल थाना क्षेत्र के दरियापुर गांव निवासी देव कुमार सिंह की पत्नी हैं, के लिए जन्म प्रमाण पत्र बनवाने हेतु आवेदन किया गया था। मीना कुमारी का मायका मथवलिया गांव में है।
नवीन कुमार सिंह के अनुसार, 11 सितंबर 2025 को जन्म प्रमाण पत्र बनाने के लिए शपथ पत्र पंचायत सचिव जितेंद्र प्रसाद को सौंपा गया था, जिसे 4 अक्टूबर 2025 को आरा सदर प्रखंड कार्यालय में विधिवत रिसीव भी करा दिया गया था। इसके बावजूद पंचायत सचिव द्वारा प्रमाण पत्र बनाने के एवज में 20 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी। रिश्वत नहीं देने पर पिछले चार महीनों से मामले को लगातार टालमटोल किया जा रहा था।
शिकायत की सत्यता जांचने के बाद विशेष निगरानी इकाई ने जाल बिछाया और मंगलवार को पंचायत सचिव को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए सदर प्रखंड कार्यालय परिसर से गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद निगरानी टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है तथा आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट : अनिल कुमार त्रिपाठी
