
फुलवारी शरीफ। प्रखंड के पूर्व प्रमुख एवं राष्ट्रीय जनता दल के वरिष्ठ नेता विनोद कुमार की माताजी सोना देवी (96) का शुक्रवार देर शाम हरनी चक स्थित आवास पर शांतिपूर्वक निधन हो गया। वे पूर्व मुखिया और वरिष्ठ सीपीआई नेता स्व. राम नारायण सिंह की धर्मपत्नी थीं। उनके निधन से पूरे इलाके में गहरा शोक व्याप्त हो गया।
जानकारी मिलते ही पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं पटना के पूर्व सांसद रामकृपाल यादव, पूर्व मंत्री श्याम रजक, विधायक (सीपीआईएमएल) गोपाल रविदास समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने उनके आवास पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। नेताओं ने कहा कि सोना देवी का निधन समाज के लिए अपूरणीय क्षति है।
सोना देवी धर्मपरायण और सामाजिक कार्यों में अग्रणी रहीं। अपने विनम्र स्वभाव और सेवा भावना से उन्होंने समाज में गहरी छाप छोड़ी।
वे अपने पीछे पुत्र विश्वनाथ सिंह, पूर्व प्रखंड प्रमुख विनोद कुमार, गुड्डू कुमार, भतीजे सुदर्शन सिंह व शैलेंद्र कुमार सहित बड़ी संख्या में बहुएं, बेटियां, नाती-पोते और परिजनों का भरा-पूरा परिवार छोड़ गई हैं। परिवार के अनुसार, अंतिम संस्कार शनिवार सुबह 8 बजे हरनी चक से दीघा गंगा घाट पर किया जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत यादव