
अरवल। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर किंजर बाजार के पास दुर्गा मंडप के समीप एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गेरू बिगहा जहानाबाद की रहने वाली सरोज देवी (55) अपने परिचित के साथ बाइक से अतौलह बाजार जा रही थीं। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही एक ट्रक ने उनकी बाइक को हल्का धक्का मार दिया। धक्का लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और सरोज देवी सड़क पर गिर पड़ीं।
पीछे से आ रही इंडियन ऑयल की 10 चक्का टैंक लोरी (बीआर 26-5694) महिला के दोनों पैरों पर चढ़ गई। टैंकर के गुजरते ही सरोज देवी के पैर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना में बाइक चालक बाल-बाल बच गया। आसपास के लोग और पुलिस की डायल-112 टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला को तुरंत अरवल सदर अस्पताल भेजा गया।
घटना से स्थानीय लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क पर ट्रक-टैंकरों की तेज रफ्तार पर लगाम लगाने की मांग की है।
ब्यूरो रिपोर्ट सुधीर सिंह