
बिहटा/पटना।
राष्ट्रीय जनता दल (राजद) ने बिहटा नगर परिषद और प्रखंड स्तर पर संगठनात्मक मजबूती का दमदार प्रदर्शन करते हुए अपने दोनों शीर्ष पदाधिकारियों को निर्विरोध निर्वाचित कराया। मुन्ना यादव को नगर परिषद राजद अध्यक्ष और राजू यादव को प्रखंड अध्यक्ष निर्विरोध चुना गया। यह चुनाव निर्वाची पदाधिकारियों की देखरेख में शांतिपूर्ण और एकमत से संपन्न हुआ।
नगर परिषद चुनाव में प्रो. प्रसिद्ध कुमार और सहायक निर्वाची पदाधिकारी मनोज कुमार की निगरानी में अनिकेत होटल में आयोजित बैठक में सभी डेलीगेट्स ने एक स्वर में मुन्ना यादव को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया। इसी प्रकार प्रखंड अध्यक्ष के लिए आयोजित बैठक में निर्वाची पदाधिकारी अभिनव प्रकाश सिंह की देखरेख में राजू यादव निर्विरोध चुने गए।
इस अवसर पर निर्वाचित अध्यक्षों का फूलमालाओं से भव्य स्वागत किया गया। उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए प्रो. प्रसिद्ध कुमार ने कहा, “अब वक्त आ गया है कि हर कार्यकर्ता व्यवस्था के खिलाफ लड़ाई लड़े। भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और महंगाई के खिलाफ जनआंदोलन की जरूरत है। जब जनता खुद सड़क पर उतरेगी, तभी व्यवस्था बदलेगी।”
सहायक निर्वाची पदाधिकारी मनोज कुमार ने शिक्षा के महत्व पर बल देते हुए कहा कि “हर अभिभावक को चाहिए कि वह अपने बच्चों को शिक्षित बनाए। यही सामाजिक बदलाव की असली नींव है।”
प्रखंड निर्वाचन अधिकारी अभिनव प्रकाश सिंह ने कार्यकर्ताओं को 2025 में तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाने के संकल्प की याद दिलाई और कहा कि “राजद कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर पर संगठित होकर जनता से जुड़ना होगा।”
राजद के वरिष्ठ नेता रामाशीष राय (लई) ने कहा कि लोकतंत्र में राजनीति से जुड़ा हर व्यक्ति हर कला में निपुण होना चाहिए – संगठन, भाषण, जनसंपर्क और रणनीति की समझ हर कार्यकर्ता को होनी चाहिए।
इस अवसर पर अशोक यादव, डुमरी के पूर्व मुखिया समेत दर्जनों प्रमुख कार्यकर्ता मौजूद रहे और आने वाले विधानसभा चुनाव में राजद को पूर्ण बहुमत दिलाकर सरकार बनाने का संकल्प लिया गया।
राजद नगर अध्यक्ष मुन्ना यादव ने कहा, “हम बिहटा को पार्टी का मजबूत गढ़ बनाएंगे और जनता के मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाएंगे।” वहीं प्रखंड अध्यक्ष राजू यादव ने कहा, “यह संगठन अब हर गांव, हर टोले तक पहुंचेगा और तेजस्वी यादव के नेतृत्व में बदलाव की राजनीति को साकार करेगा।”
ब्यूरो रिपोर्ट