
पटना।
आगामी बिहार विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भारतीय जनता पार्टी ने संगठन को बूथ स्तर तक मज़बूत करने के इरादे से पटना ग्रामीण जिले के विभिन्न मंडलों में अध्यक्षों की नियुक्ति कर दी है। पार्टी का उद्देश्य ज़मीनी कार्यकर्ताओं के दम पर मतदाताओं से सीधे जुड़ाव बनाना और संगठन की ताकत को बढ़ाना है। भाजपा का मानना है कि मजबूत मंडल संरचना ही चुनावी जीत की पहली सीढ़ी होती है।
भाजपा के पटना ग्रामीण जिलाध्यक्ष रजनीश ने बताया कि ये नियुक्तियाँ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल और प्रदेश संगठन महामंत्री भीखूभाई दलसनिया की सहमति से की गई हैं। उन्होंने कहा कि जिन कार्यकर्ताओं को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई है, वे लंबे समय से संगठन से जुड़े हुए हैं और कार्यकर्ताओं व आम जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ है। पार्टी को भरोसा है कि यह टीम जिले में संगठन को नई ऊंचाई पर ले जाएगी।
पालीगंज विधानसभा क्षेत्र से राघवेन्द्र कुमार उर्फ शाही को पालीगंज मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। मनेर विधानसभा क्षेत्र में मनेर नगर से दीपक सोनी और बिहटा नगर से लव कुमार को अध्यक्ष बनाया गया है। फुलवारी विधानसभा क्षेत्र में पुनपुन पूर्वी से सुनील कुमार ठाकुर, पुनपुन पश्चिमी से राजू कुमार, बेउर से दीपक कुमार सिंह और फुलवारी ग्रामीण पूर्वी से अशोक कुमार सिंह को जिम्मेदारी दी गई है।
दानापुर विधानसभा में दानापुर छावनी से संदीप गुप्ता, बेली रोड मंडल से अभिषेक सिन्हा उर्फ चंदन श्रीवास्तव, रामजीचक मंडल से विनय कुमार मेहता और दानापुर ग्रामीण से अवधेश सिंह को मंडल अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं मसौढ़ी विधानसभा क्षेत्र में पंडितगंज से राणा लेखन सिंह चंदेल, रामजीवन मंडल से अजित कुमार पांडेय और धनुरूआ से सतीश यादव को मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। बिक्रम विधानसभा के नौबतपुर नगर से सर्वजीत सिंह को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है।
इन सभी नामों की घोषणा करते हुए जिलाध्यक्ष रजनीश ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी एक संगठनात्मक शक्ति के रूप में काम करती है, जहाँ व्यक्ति की योग्यता और मेहनत को सबसे ऊपर रखा जाता है। उन्होंने नवनियुक्त मंडल अध्यक्षों से अपेक्षा जताई कि वे बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करेंगे और पार्टी के विचारों को जन-जन तक पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
ब्यूरो रिपोर्ट