आरा (भोजपुर)।

आरा के रेड क्रॉस सभागार में आयोजित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए सांसद अरुण भारती ने कहा कि केंद्रीय बजट 2025 मोदी सरकार का अब तक का सबसे बेहतरीन बजट है। इस बजट में मध्य वर्ग को ध्यान में रखते हुए 12 लाख वार्षिक आय वाले लोगों को टैक्स में बड़ी राहत दी गई है, जिससे बिहार का आर्थिक विकास तेज़ होगा। उन्होंने कहा कि चिराग पासवान के प्रयास से बिहार में “नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फूड टेक्नोलॉजी, इंटरप्रेन्योरशिप एंड मैनेजमेंट” (NIFTEM) की स्थापना होने जा रही है। यह संस्थान भारतीय खाद्य प्रौद्योगिकी क्षेत्र को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए प्रतिबद्ध है। बिहार की 13 करोड़ की आबादी को देखते हुए यहां फूड प्रोसेसिंग उद्योग की अपार संभावनाएं हैं। निफ्टेम संस्थान के खुलने से शिक्षा, अनुसंधान, नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे बिहार के ग्रामीण विकास को भी गति मिलेगी। इस ऐतिहासिक पहल के लिए बिहार की जनता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार प्रकट करती है।

सांसद ने यह भी कहा कि बिहार मखाना उत्पादन में अग्रणी राज्य है और केंद्रीय बजट में “मखाना बोर्ड” की स्थापना की घोषणा की गई है। इस पहल से बिहार के मखाना उत्पादन से जुड़े लाखों किसानों और उद्यमियों को लाभ मिलेगा। बैठक में संबोधित करते हुए बिहार प्रदेश सह प्रभारी कुमार सौरभ सिंह ने कहा कि चिराग पासवान, पद्म भूषण स्व. रामविलास पासवान के सपनों को साकार करने के लिए संघर्ष कर रहे हैं। सामाजिक न्याय के साथ अब चहुँमुखी विकास और “बिहार फर्स्ट, बिहारी फर्स्ट” के संकल्प को पूरा करना ही लोजपा (रा.) का मुख्य उद्देश्य है।

बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष राजेश्वर पासवान ने की, जबकि संचालन विजय सिंह ने किया। इस अवसर पर युवा अध्यक्ष वेद प्रकाश पांडेय, जिला प्रभारी पंकज पासवान, सह प्रभारी मनीष सिंह सहित कई अन्य पदाधिकारियों ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन किया। बैठक में मुख्य रूप से राजेश साह, मनोज पासवान, विकास सिंह, संतोष पासवान, राम सकल सिंह भोजपुरिया, अरविंद ओझा, बबीता चौधरी, लीला शर्मा, शाहनवाज बलि, सन्नी पंडित, श्याम कुमार, मनीष बिचौली, प्रशांत सिंह, कुंवर उपेंद्र सिंह, संजय पासवान सहित विभिन्न प्रकोष्ठों के जिला अध्यक्ष एवं प्रखंड अध्यक्ष उपस्थित थे।

ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी