आरा (भोजपुर)।

बिहार के अपर पुलिस महानिदेशक (विधि व्यवस्था) भोजपुर जिला मुख्यालय, आरा पहुंचे, जहां उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने पुलिस कार्यालय, भोजपुर (आरा) का निरीक्षण किया और पुलिस अधीक्षक, सहायक पुलिस अधीक्षक एवं अन्य वरीय पुलिस पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की। इस दौरान उन्होंने जिले में आर्म्स रिकवरी, आर्म्स एक्ट, हत्या के प्रयास एवं हत्याकांड में संलिप्त अभियुक्तों की गिरफ्तारी से संबंधित विभिन्न बिंदुओं की गहन समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान पुलिस कार्यालय के अंतर्गत कंट्रोल रूम, लेखा शाखा एवं अन्य विभिन्न शाखाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने इन शाखाओं की कार्यप्रणाली की विस्तृत समीक्षा कर उन्हें अधिक प्रभावी एवं सुचारू रूप से संचालित करने के लिए महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इसके अतिरिक्त, न्यू पुलिस लाइन, आरा में कार्यरत विभिन्न शाखाओं का निरीक्षण कर उनकी कार्यप्रणाली, संसाधनों एवं प्रशासनिक व्यवस्था की भी समीक्षा की गई। उन्होंने पुलिस वाहनों की उपलब्धता, संचालन एवं रखरखाव का भी निरीक्षण कर आवश्यक निर्देश जारी किए।

जिले की विधि व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए उन्होंने अधिकारियों को कड़े निर्देश दिए। कानून-व्यवस्था की स्थिति को नियंत्रित रखने, अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु आवश्यक रणनीतियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

ब्यूरो रिपोर्ट अनील त्रिपाठी