बिक्रम।

रानीतालाब थाना से सटे एनएच 139 पर कनपा पुल के समीप गुरुवार को संध्या पहर किसी भारी वाहन से कुचलकर एक युवक की मौत हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार रानीतालाब थाना के बभन कनपा ग्राम के बोधन पासवान के एकलौता पुत्र लालबाबू पासवान (35 वर्ष)संध्या पहर अपने घर से सामान खरीदने के लिए बाइक से कनपा बाजार निकले थे। इसी बीच पुल के समीप किसी भारी वाहन ने उनके सिर को बुरी तरह कुचल दिया जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जब तक आसपास के लोग कुछ समझ पाते तबतक ड्राइवर गाड़ी के साथ फरार हो गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर जाम कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस बल घटना स्थल पर पहुंची और घंटो मशक्कत के बाद जाम हो हटाया। पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर थाना में लेकर पहुंचा। मौत की सूचना मिलते ही घर में कोहराम मच गया। लालबाबू अपने माता पिता के इकलौता संतान थे। उन्होंने अपने पीछे 2 पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। वहीं अज्ञात वाहन का पता किया जा रहा है।
            उक्त घटना को लेकर स्थानीय नागरिकों ने रोष व्यक्त किया है। उनका कहना है कि एनएच एवं मुख्य पथों पर दुर्घटना की लगातार घटनाएं घट रहीं हैं। खासकर बालू लदे वाहनों के चालको की मनमानी ढंग से वाहन चलाने के कारण ऐसी घटनाएं घट रहीं हैं।प्रशासनिक स्तर पर इनपर नियंत्रण बहुत  जरूरी है।

रिपोर्ट अमित कुमार