
आरा (भोजपुर)।
भोजपुर जिले में थाने के अंदर से खेला जाने की खबर से पुलिस महकमा हैरान है। पुलिस की मौजूदगी में मलखाना से जब्त बाइक रहस्यमय ढंग से गायब होने की जानकारी मिलते ही थाना पुलिस, दारोगा और थानाध्यक्ष के बीच हड़कंप मच गया। घटना चांदी थाना से जुड़ा है। इसे लेकर एसपी राज के निर्देश पर संबंधित थाना में अज्ञात के विरुद्ध चोरी की प्राथमिकी की गई है। थाने से बाइक के गायब होने को लेकर भोजपुर पुलिस के इंटरनेट मीडिया साइट पर भी सूचना का प्रकाशन किया गया है।जानकारी के अनुसार अरवल जिले के रामपुर चौरम निवासी प्रेम कांत निराला की काले रंग की पैशन प्रो की बाइक वर्ष 2022 में चोरी हुई थी। इसे लेकर वहां के थाने में केस हुआ था। उपरोक्त बाइक को चांदी पुलिस ने साल 2022 में ही शराब समेत जब्त कर केस किया था।इस दौरान बाइक ऑनर ने नीलामी के जरिए पैसा जमा कर बाइक खरीदी थी। जब बाइक लेने गए थे तो थाने के मलखाना से बाइक ही गायब मिली थी। इसे लेकर बाइक के मालिक ने पटना उच्च न्यायालय का दरवाजा खटखटाया था,जिस पर न्यायालय ने संज्ञान लेते हुए आवश्यक दिशा- निर्देश दिए थे।इधर, कोर्ट में मामला जाने के बाद चांदी थाना पुलिस ने प्राथमिकी कर आगे की कार्रवाई प्रारंभ कर दी है । इधर, थानाध्यक्ष के अनुसार जब्त बाइक थाना परिसर में रखी गई थी। लेकिन खोजबीन करने पर उक्त बाइक गायब पाई गई है। पुलिस हर स्तर से खोजबीन कर रही है।उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को इस बाइक के बारे में कोई जानकारी मिलती है या कहीं दिखती है ताे तत्काल पुलिस को सूचित करें। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। हालांकि, बिहार पुलिस की टीम के लिए यह बड़ी असफलता मानी जा रही है।
ब्यूरो रिपोर्ट: अनिल कुमार त्रिपाठी
