हदसार गांव में नवरात्रि के बीच पसरा मातम, दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद से निकाली गई टैंक लॉरी

फुलवारी शरीफ। बेटी की दोस्त को उसके घर छोड़ने निकले विजय सिंह और महिला होमगार्ड जवान सोनी कुमारी की मंगलवार की सुबह सड़क हादसे में जान चली गई। जानीपुर थाना क्षेत्र के सिमरा गांव के पास पटना रोड पर टेंपो और टैंक लॉरी की जोरदार टक्कर में दोनों की मौत हो गई। टक्कर के बाद टैंक लॉरी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे नहर में जा गिरी। हादसे की खबर से बिक्रम के हदसार गांव में मातम पसर गया।

डीसीपी ट्रैफिक के अनुसार, महिला होमगार्ड जवान सोनी कुमारी की बिक्रम थाना क्षेत्र के हदसार गांव निवासी विजय सिंह की बेटी से दोस्ती थी। इसी सिलसिले में सोनी उससे मिलने बिक्रम गई थी। मंगलवार की सुबह विजय सिंह टेंपो से सोनी कुमारी को फुलवारी शरीफ पहुंचाने निकले थे। दोनों सिमरा गांव के पास पटना रोड से गुजर रहे थे। इसी दौरान टैंक लॉरी ने उनके टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो सवार दोनों की मौत हो गई, जबकि टक्कर के बाद टैंक लॉरी नहर में जा गिरी।

दो जेसीबी और दो क्रेन से निकाली गई टैंक लॉरी

दुर्घटना की सूचना मिलते ही जानीपुर थानाध्यक्ष सागर कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। नहर में गिरी भारी-भरकम टैंक लॉरी को बाहर निकालने के लिए दो जेसीबी और दो क्रेन की मदद से अभियान चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद लॉरी को नहर से बाहर निकाला गया। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।

नवरात्रि के बीच गांव में पसरा मातम

दो लोगों की मौत की खबर हदसार गांव पहुंचते ही विजय सिंह के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों के रोने-बिलखने से माहौल गमगीन हो गया। नवरात्रि के बीच पूजा-पाठ और भक्ति के माहौल में अचानक हुए इस हादसे से गांव के लोग भी स्तब्ध हैं। ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।

पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए एम्स भेजे। आवश्यक प्रक्रिया पूरी करने के बाद हादसे को लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार