
पालीगंज। दुर्गा पूजा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और आपसी सौहार्द बनाए रखने के लिए पियरपुरा थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, यातायात को सुचारु रखने और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में शांति समिति के अध्यक्ष व सदस्य, जनप्रतिनिधि, मुखिया, सरपंच, पार्षद, गणमान्य लोग और मीडिया प्रतिनिधि शामिल हुए। सभी से दुर्गा पूजा के दौरान आपसी भाईचारा और सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की अपील की गई। साथ ही किसी भी तरह की अव्यवस्था से बचने और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में प्रशासन का सहयोग करने पर जोर दिया गया।
थानाध्यक्ष पूजा राठी ने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है। इसके लिए आम लोगों और पूजा समितियों का सहयोग जरूरी है। उन्होंने सभी से जिम्मेदारी के साथ पर्व मनाने और सौहार्दपूर्ण माहौल बनाए रखने की अपील की।
ब्यूरो रिपोर्ट
