बिहटा। चाल चलने से पहले प्रतिद्वंद्वी की रणनीति को समझना, धैर्य के साथ सही अवसर का इंतजार करना और परिस्थितियों के अनुसार निर्णय लेना। शतरंज के इस खेल में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। विश्व डाक दिवस के अवसर पर शुक्रवार को बिहटा पब्लिक स्कूल में आयोजित अंतर्वर्गीय शतरंज प्रतियोगिता में बच्चों की तार्किक क्षमता, एकाग्रता और रणनीतिक सोच देखने को मिली।

प्रतियोगिता का उद्घाटन विद्यालय की निदेशक डॉ. सोनी सिंह ने किया। विभिन्न वर्गों के विद्यार्थियों ने प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी खेल प्रतिभा का परिचय दिया। शतरंज की बिसात पर हर चाल के साथ खिलाड़ियों को आगे की संभावनाओं का आकलन करना था। इस दौरान विद्यार्थियों में मुकाबले को लेकर उत्साह दिखा। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों में मानसिक क्षमता के विकास के साथ धैर्य, अनुशासन और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को प्रोत्साहित करना था।

प्रतियोगिता में सागर कुमार, फैजा साहब, दीपांशु कुमार, शुभम कुमार और प्रिंस कुमार ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। अंकित कुमार, आशुतोष कुमार, दिव्य कुमारी, सोनाली कुमारी और नव्या कुमारी द्वितीय स्थान पर रहे। वहीं, आर्यन सिंह, प्रतीक चौहान, रवि पटेल और गुनगुन कुमारी ने तृतीय स्थान हासिल किया।

निदेशक डॉ. सोनी सिंह ने कहा कि विद्यार्थियों का विकास केवल पाठ्यपुस्तकों तक सीमित नहीं होना चाहिए। पढ़ाई के साथ ऐसी गतिविधियां भी जरूरी हैं, जो बच्चों को स्वतंत्र रूप से सोचने, समस्याओं का समाधान खोजने और सही निर्णय लेने के लिए प्रेरित करें। शतरंज जैसे खेल विद्यार्थियों में एकाग्रता, धैर्य और दूरदर्शिता विकसित करने में मददगार होते हैं। विद्यालय में इस तरह की प्रतियोगिताओं के आयोजन का उद्देश्य बच्चों को अपनी क्षमता पहचानने और उसे निखारने का अवसर देना है।

प्राचार्य डॉ. उदय कुमार सिंह ने कहा कि विद्यालय में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों की बौद्धिक और रचनात्मक प्रतिभा को विकसित करने पर भी ध्यान दिया जाता है। शतरंज बच्चों को हर परिस्थिति में सोच-समझकर कदम उठाने और अपनी रणनीति के अनुसार आगे बढ़ने की सीख देता है। ऐसी प्रतियोगिताओं से विद्यार्थियों में आत्मविश्वास बढ़ता है और वे खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करना सीखते हैं।

इस अवसर पर सदानंद सिंह, यशोदा सिंह, चंदन कुमार, सुषमा कुमारी, रणजीत कुमार, अरविंद कुमार और योगेंद्र सिंह सहित विद्यालय के अन्य सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने सफल प्रतिभागियों को बधाई देते हुए सभी विद्यार्थियों को भविष्य में भी इस तरह की गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया।

ब्यूरो रिपोर्ट