
दानापुर। फक्कड़ महतो घाट, नासरीगंज में गुरुवार को सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने स्वच्छता अभियान में हिस्सा लिया। उन्होंने घाट किनारे कूड़ा उठाया और झाड़ू लगाकर सफाई की। इसके बाद स्वच्छता मार्च को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। मंत्री ने सफाईकर्मियों और स्थानीय लोगों को स्वच्छता की शपथ भी दिलाई।

नगर परिषद दानापुर-निजामत की ओर से सेवा संकल्प अभियान के तहत ‘स्वच्छता ही सेवा 2026’ के अंतर्गत ‘एक दिन, एक घंटा, एक साथ’ मेगा स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया था। अभियान के दौरान मंत्री ने घाट किनारे ‘मां के नाम एक पेड़’ अभियान के तहत पौधा लगाया।
इस मौके पर राम कृपाल यादव ने लोगों से घर, मोहल्ले और आसपास के सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि अक्टूबर और नवंबर प्रमुख त्योहारों का समय है, इसलिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।

कार्यक्रम में नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी हर्षवर्धन, राजेश शर्मा, अखिलेश साव, अविनाश गुप्ता, मनोज मास्टर, मंटू सिंह, मंडल अध्यक्ष विनय मेहता समेत नगर परिषद के अधिकारी-कर्मी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट
