
पटना। महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा के लिए सड़कों पर उतरी महिला पुलिसकर्मियों से ही युवकों के भिड़ने का मामला सामने आया है। खेमनीचक के सुभाष चौक के पास युवकों ने पहले महिला पुलिसकर्मियों पर कथित तौर पर अभद्र टिप्पणी की। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और एक युवक ने महिला पुलिसकर्मी से हाथापाई कर दी। इसके बाद मौके पर पहुंचीं अन्य महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी युवकों की धक्का-मुक्की हुई। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
घटना 30 सितंबर की देर शाम रामकृष्णा नगर थाना क्षेत्र में हुई। बताया जाता है कि सब इंस्पेक्टर प्रियंका कुमारी महिला पुलिसकर्मियों की टीम के साथ इलाके में गश्त कर रही थीं। कुछ युवकों के मौजूद होने की सूचना पर टीम वहां पहुंची थी। महिला पुलिसकर्मी ने युवकों को रोककर बातचीत करने की कोशिश की। इसी दौरान कथित अभद्र टिप्पणी को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि एक युवक ने महिला पुलिसकर्मी के साथ हाथापाई कर दी।
हंगामा बढ़ता देख टीम की अन्य महिला पुलिसकर्मी भी मौके पर पहुंच गईं। स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। घटना के बाद पुलिस ने आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटानी शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर युवकों की पहचान की जा रही है और उनके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
रामकृष्णा नगर थाने में अज्ञात युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपितों की पहचान की जा रही है। पहचान के बाद उनके ठिकानों पर छापेमारी कर गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस ने घटना को गंभीरता से लेते हुए कहा है कि इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
