
बिहटा।
बिहटा-खगौल मुख्य मार्ग पर मंगलवार देर शाम सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवती की मौत के बाद लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। पतसा विष्णुपुरा मोड़ के पास हुई दुर्घटना के बाद ग्रामीणों ने मार्ग पर आवागमन रोक दिया और मुआवजा व सरकारी नौकरी की मांग करने लगे। स्थिति संभालने पहुंची पुलिस को भीड़ के विरोध के कारण पीछे हटना पड़ा। इसके बाद आसपास के थानों से पुलिस बल बुलाकर मौके पर तैनात किया गया।
हादसे में विष्णुपुरा निवासी झुन्नू सिंह की पुत्री खुशबू कुमारी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई गोलू कुमार (25) घायल हो गया। दोनों बाइक से बिहटा बाजार से खरीदारी कर घर लौट रहे थे। घर के समीप ही अज्ञात वाहन बाइक में टक्कर मारकर निकल गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई है। प्रभारी थानाध्यक्ष राज कुमार ने बताया कि लोगों को समझाने का प्रयास जारी है। परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
ब्यूरो रिपोर्ट
