आरा। रेलवे स्टेशन पर ट्रेन पकड़ने या बदलने के दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानियां कम हों और स्टेशन परिसर में उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें, इसके लिए 12 सूत्री मांगें रेल महाप्रबंधक के समक्ष रखी गई हैं। प्लेटफार्म बदलने में बुजुर्गों, महिलाओं और दिव्यांगों को होने वाली परेशानी को देखते हुए प्लेटफार्म संख्या चार पर निर्माणाधीन एस्केलेटर और लिफ्ट को जल्द चालू कराने की मांग की गई है। वहीं बारिश के दौरान जल निकासी, सफाई, वाहन स्टैंड और सर्कुलेटिंग एरिया की व्यवस्था में सुधार के साथ महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी उठाई गई है।

सोमवार को पद्मश्री डॉ. भीम सिंह भवेश के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने हाजीपुर रेल महाप्रबंधक से मुलाकात कर 12 सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा। शिष्टमंडल में पूर्व निगम पार्षद राजू मेहता और डॉ. जितेंद्र शुक्ल शामिल थे।

एस्केलेटर-लिफ्ट जल्द चालू करने की मांग

ज्ञापन में प्लेटफार्म संख्या चार पर निर्माणाधीन एस्केलेटर और लिफ्ट को शीघ्र चालू कराने की मांग की गई। इसके चालू होने से यात्रियों को सीढ़ियों के सहारे प्लेटफार्म बदलने की परेशानी से राहत मिलेगी। बुजुर्गों, महिलाओं, बच्चों और दिव्यांग यात्रियों के लिए यह सुविधा विशेष रूप से उपयोगी होगी।

जल निकासी और सफाई व्यवस्था में सुधार

स्टेशन परिसर में जल निकासी की स्थायी व्यवस्था कराने की मांग भी रखी गई है। बारिश के दौरान पानी जमा होने की स्थिति में यात्रियों को होने वाली परेशानी को देखते हुए स्थायी समाधान की जरूरत बताई गई। साथ ही सफाई व्यवस्था की पारदर्शी मॉनिटरिंग कराने की मांग की गई, ताकि स्टेशन परिसर की साफ-सफाई नियमित रूप से बेहतर बनी रहे।

वाहन स्टैंड और सर्कुलेटिंग एरिया हो व्यवस्थित

स्टेशन के सर्कुलेटिंग एरिया और वाहन स्टैंड को व्यवस्थित करने की मांग की गई। इससे यात्रियों के स्टेशन पहुंचने और वहां से बाहर निकलने के दौरान वाहनों की आवाजाही सुगम हो सकेगी। स्टेशन परिसर में अवैध रूप से घूमने वाले जानवरों और अनधिकृत वेंडरों पर रोक लगाने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

चार महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग

यात्री सुविधाओं के साथ आरा स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव का मुद्दा भी उठाया गया। तेजस राजधानी, डिब्रूगढ़-नई दिल्ली राजधानी, पटना-इंदौर और सीमांचल एक्सप्रेस के आरा स्टेशन पर ठहराव की मांग की गई। शिष्टमंडल का कहना है कि इन ट्रेनों का ठहराव मिलने से आरा और आसपास के यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा के लिए दूसरे स्टेशनों पर जाने की परेशानी कम हो सकती है।

महाप्रबंधक श्री गार्गी ने शिष्टमंडल की मांगों पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की बात कही। उन्होंने महत्वपूर्ण ट्रेनों के आरा में ठहराव के लिए अनुशंसा करने का भी आश्वासन दिया।

ब्यूरो रिपोर्ट