पटना। कामकाजी महिलाओं के बच्चों को सुरक्षित और देखभालपूर्ण माहौल उपलब्ध कराने की दिशा में पटना नगर निगम के छह अंचलों में पालनघर (क्रेच) शुरू करने की तैयारी है। इसके संचालन के लिए स्टैंडिंग कमिटी से प्रस्ताव पारित हो चुका है। सोमवार को राष्ट्रीय पोषण माह के तहत गायघाट में आयोजित सामुदायिक कार्यक्रम में इस पहल की जानकारी दी गई।



कार्यक्रम का आयोजन पटना नगर निगम, सतत जीविकोपार्जन योजना-शहरी (एसजेवाई अर्बन), आईसीडीएस, जीविका और मोबाइल क्रेचेज के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। इसकी शुरुआत स्कूल के बच्चों और महिलाओं ने जागरूकता रैली निकालकर की। रैली के माध्यम से संतुलित आहार, स्वच्छता, स्वास्थ्य और बच्चों के बेहतर विकास का संदेश दिया गया।


सीडीपीओ मधु प्रियदर्शनी ने बच्चों और महिलाओं के पोषण पर जोर देते हुए लोगों से सरकारी योजनाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं का नियमित लाभ लेने की अपील की। विद्यालय के प्रिंसिपल अनिल कुमार ने बच्चों की नियमित स्कूल उपस्थिति और स्कूल आने से पहले उनकी आवश्यक तैयारी पर ध्यान देने की बात कही।

एएनएम ने गर्भवती और धात्री महिलाओं को पौष्टिक भोजन, नियमित स्वास्थ्य जांच तथा बच्चों के टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। इस दौरान अन्नप्राशन और गोद भराई की रस्म भी हुई, जिसमें महिलाओं ने उत्साह से भाग लिया।

एसजेवाई अर्बन के तहत पोषण, स्वास्थ्य और बाल देखभाल से जुड़ी गतिविधियों को समुदाय तक पहुंचाने पर भी जोर दिया गया। कार्यक्रम का संचालन मोबाइल क्रेचेज की अरपिता चौधरी ने किया।

ब्यूरो रिपोर्ट