
पटना। कोचिंग आने-जाने वाली छात्राओं की सुरक्षा और आम नागरिकों की सुरक्षा को लेकर शिवसेना ने प्रशासन से गंभीरता बरतने की मांग की है। बक्सर में छात्राओं के साथ कथित छेड़खानी का विरोध करने के दौरान शिवसेना के बक्सर जिलाध्यक्ष राहुल पांडेय के साथ मारपीट किए जाने के मामले को लेकर पटना जिलाध्यक्ष निधि सिंह ने भी संज्ञान लेते हुए आरोपितों पर जल्द कार्रवाई की मांग की है।
निधि सिंह ने कहा कि छात्राओं के साथ किसी भी तरह का अभद्र व्यवहार या छेड़खानी चिंता का विषय है। इसका विरोध करने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट की घटना भी गंभीर है। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के विरुद्ध शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही छात्राओं के अलावा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने की बात कही।

बताया गया कि बक्सर में कथित छेड़खानी का विरोध करने के बाद राहुल पांडेय के परिवार को परेशान किए जाने का आरोप है। मारपीट की घटना को लेकर मुफस्सिल थाने में लिखित शिकायत दी गई है। शिकायत में परिवार की सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की गई है। घटना के दौरान डायल-112 पर सूचना दिए जाने का भी उल्लेख है।
शिवसेना बिहार के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष झा और प्रदेश महासचिव आशीष शांडिल्य ने भी प्रशासन से मामले में निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। संगठन ने कार्रवाई में देरी होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।
ब्यूरो रिपोर्ट
