दानापुर। RPS मोड़ से PGS मोड़ के बीच सड़क किनारे संचालित खटाल अब स्थानीय लोगों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। सड़क पर खुले में घूमते पशु, जगह-जगह फैला गोबर और अपशिष्ट तथा जाम होती नालियों को लेकर लोगों में नाराजगी बढ़ रही है। शुक्रवार को प्रशासन की कार्रवाई के दौरान सड़क पर खुले में घूम रही कई गायों को पकड़ा गया। कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों ने राहत जताई।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई खटालों में पशुओं को दूध निकालने के बाद खुले में छोड़ दिया जाता है। इससे RPS रोड पर यातायात प्रभावित होता है और अचानक सड़क पर आ जाने वाले पशुओं से दुर्घटना की आशंका बनी रहती है। बुजुर्गों और बच्चों को भी आवागमन में परेशानी होती है। लोगों के अनुसार खटालों से निकलने वाला गोबर और अन्य अपशिष्ट नालियों में जाने से जल निकासी बाधित होती है। इससे सड़क किनारे जलजमाव और दुर्गंध की समस्या भी पैदा होती है। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए दानापुर एसडीएम विरुपाक्ष विक्रम सिंह की तत्परता से प्रशासन ने कार्रवाई की। स्थानीय नागरिकों ने सड़क किनारे संचालित खटालों की नियमानुसार जांच कराने और बिना अनुमति या मानकों का पालन नहीं करने वाले संचालकों पर कार्रवाई की मांग की है। लोगों ने सड़क, नाली और सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त कराने के साथ खुले में पशु छोड़ने पर भी लगातार कार्रवाई की मांग की।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार