
फुलवारी शरीफ। सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र परिवारों तक पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को चिलबिल्ली पंचायत सरकार भवन में संत रविदास समरसता संकल्प अभियान के तहत विकास शिविर लगाया गया। संत रविदास की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों की 22 योजनाओं से संबंधित स्टॉल लगाए गए। यहां ग्रामीणों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र लाभुकों के बीच जन्म प्रमाण पत्र सहित अन्य योजनाओं का लाभ वितरित किया गया।

शिविर का उद्घाटन प्रखंड विकास पदाधिकारी ने संत रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर किया। इस दौरान उन्होंने मुखिया पति शत्रुघ्न पासवान के साथ लाभुकों के बीच प्रमाण पत्र एवं योजनाओं का लाभ बांटा। उन्होंने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का निरीक्षण कर अधिकारियों और पंचायत स्तरीय कर्मियों को निर्देश दिया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति के पात्र परिवारों को सभी 22 योजनाओं से जोड़ना सुनिश्चित करें।
प्रखंड कल्याण पदाधिकारी रवि कुमार शर्मा ने बताया कि फुलवारी शरीफ प्रखंड के अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति टोलों में 15 फरवरी 2027 तक संत रविदास विकास शिविर लगाए जाएंगे। इसका उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है। शिविर प्रभारी प्रभात कुमार वर्मा, प्रखंड कृषि पदाधिकारी बालकृष्ण दास सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मी मौजूद थे।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
