पटना। अनीसाबाद स्थित कुमुदिनी शिशु विद्या मंदिर में गुरुवार को रक्षाबंधन के अवसर पर आयोजित राखी प्रतियोगिता में बच्चों की कल्पनाशीलता और कला प्रतिभा देखने को मिली। विद्यार्थियों ने रंगीन धागों, मोतियों, कागज समेत विभिन्न सजावटी और पर्यावरण अनुकूल सामग्रियों से आकर्षक राखियां तैयार कीं। अपनी बनाई राखियों के साथ बच्चों में खासा उत्साह दिखा।

प्रतियोगिता का आयोजन विद्यालय की सांस्कृतिक समिति की ओर से किया गया। सांस्कृतिक समिति के प्रमुख व कक्षा आठ के छात्र निर्मल कुमार कावा ने कार्यक्रम का नेतृत्व किया, जबकि अनुराग कावा ने आयोजन में सहयोग किया। विद्यालय की प्रबंध निदेशक उषा कुमारी और प्राचार्या अंकिता कुमारी ने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना की।

उषा कुमारी ने कहा कि रक्षाबंधन प्रेम, विश्वास और आपसी सम्मान का पर्व है। ऐसी गतिविधियां बच्चों को भारतीय संस्कृति से जोड़ने के साथ उनकी रचनात्मक क्षमता को भी निखारती हैं। प्राचार्या ने कहा कि प्रतियोगिता से बच्चों में आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित होती है।

प्रतियोगिता में कंचन ने प्रथम, अरीबा ने द्वितीय, शिदिका ने तृतीय और अदीबा ने चतुर्थ स्थान प्राप्त किया। विजेताओं को विद्यालय प्रबंधन की ओर से सम्मानित और पुरस्कृत किया गया।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार