पटना। महिला पुलिसकर्मियों की गश्त अब पहले से अधिक तेज और प्रभावी होगी। नए बनाए गए ओपी और थानों में तैनात महिला पुलिसकर्मियों को पिंक स्कूटी उपलब्ध कराई गई है। स्कूटी के जरिए महिला पुलिसकर्मी अपने क्षेत्र में नियमित गश्त करने के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर भी नजर रखेंगी।

पिंक स्कूटी मिलने से पुलिसकर्मियों को किसी घटना या सूचना पर मौके तक पहुंचने में सहूलियत होगी। खासकर महिला उत्पीड़न सहित अन्य मामलों में पीड़ितों की सूचना मिलने पर महिला पुलिसकर्मी कम समय में घटनास्थल पर पहुंच सकेंगी। इससे पुलिस की त्वरित कार्रवाई के साथ आम लोगों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी ने बताया कि सरकार की ओर से महिला पुलिसकर्मियों को गश्त और पुलिसिंग को सुविधाजनक बनाने के लिए पिंक स्कूटी दी गई है। उन्होंने कहा कि महिला पुलिसकर्मी स्कूटी से अपने-अपने क्षेत्र में लगातार गश्त करेंगी और अपराधी गतिविधियों पर रोक लगाने में सक्रिय भूमिका निभाएंगी। सूचना मिलने पर घटनास्थल तक तुरंत पहुंचने में भी स्कूटी काफी उपयोगी साबित होगी।

ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार