
पटना। परसा बाजार थाना क्षेत्र के दूर-दराज इलाकों में रहने वाले लोगों को अब पुलिस सहायता के लिए थाने तक लंबी दूरी तय नहीं करनी पड़ेगी। बढ़ती आबादी और बड़े भौगोलिक क्षेत्र को देखते हुए थाना क्षेत्र में तीन नए पुलिस ओपी शुरू किए गए हैं। पटना सदर डीएसपी-2 रंजन कुमार ने गुरुवार को परसा बाजार थानाध्यक्ष मेनका रानी के साथ कुरथौल-दरियापुर, शिवनगर लक्ष्मण झूला और सकरैचा में ओपी का उद्घाटन किया।

डीएसपी ने कहा कि नए ओपी शुरू होने से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ ही लोगों को घटनास्थल पर तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जा सकेगी। किसी पीड़ित के आवेदन पर पुलिस उसके बताए घटनास्थल पर पहुंचेगी और समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई करेगी। प्राथमिकी परसा बाजार थाने में दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कुरथौल-दरियापुर ओपी का प्रभारी कृष्ण कुमार सिंह, शिवनगर लक्ष्मण झूला ओपी का प्रभारी रितु कुमारी और सकरैचा ओपी का प्रभारी एसआई मिथिलेश कुमार को बनाया गया है। शिवनगर ओपी पटना-गया मुख्य मार्ग पर पूर्व मुखिया व सामाजिक कार्यकर्ता संतोष कुमार सिंह के मार्केट में, जबकि सकरैचा ओपी पंचायत भवन में शुरू किया गया है। मौके पर पुलिस इंस्पेक्टर एमए हैदरी, मुखिया संघ अध्यक्ष मंटू यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
