
फुलवारी शरीफ। अल्वा कॉलोनी पुल के पास हथियार की खरीद-बिक्री को लेकर जुटे दो युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान पुरानी इमारत शरीया निवासी मो. मेराज उर्फ मुन्ना और लाल मियां की दरगाह नहर निवासी मो. फहीम के रूप में हुई है। पुलिस ने फहीम के घर से एक देशी पिस्टल और पांच जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में हथियार सप्लाई करने वाले एक अन्य युवक का नाम सामने आया है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
पुलिस के अनुसार, 17 अगस्त की शाम सूचना मिली थी कि अल्वा कॉलोनी पुल के पास दो युवक हथियार की खरीद-बिक्री को लेकर बातचीत कर रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे, लेकिन जवानों ने पीछा कर उन्हें पकड़ लिया।
पूछताछ के बाद पुलिस ने फहीम के लाल मियां की दरगाह नहर स्थित घर पर छापेमारी की। तलाशी के दौरान वहां से पिस्टल और पांच कारतूस बरामद हुए। दोनों ने पुलिस को बताया कि हथियार मुर्गियाचक निवासी मो. फिरोज से खरीदा गया था। आरोपितों के अनुसार, वे तीन लोग मिलकर हथियारों की खरीद-बिक्री करते थे।
पुलिस अब तीसरे आरोपित मो. फिरोज की तलाश में संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार मेराज उर्फ मुन्ना का पहले से आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। उसके खिलाफ फुलवारी शरीफ, गांधी मैदान और दानापुर थाने में कुल पांच मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।
इस संबंध में फुलवारी शरीफ थाने में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपितों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है। छापेमारी दल में थानाध्यक्ष गुलाम शहबाज आलम, पुलिस अवर निरीक्षक नीरज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक विनय कुमार सहित सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
ब्यूरो रिपोर्ट अजीत कुमार
