
धमदाहा, पूर्णिया। शहीदों को नमन और विकास की प्रतिबद्धता के साथ धमदाहा अनुमंडल में स्वतंत्रता दिवस समारोह मनाया गया। ऐतिहासिक क्रीड़ा मैदान में आयोजित मुख्य राजकीय समारोह में अनुमंडल पदाधिकारी अनुपम कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इससे पहले उन्होंने गार्ड ऑफ ऑनर की सलामी ली। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

इससे पहले सुबह 7:50 बजे अनुमंडल पदाधिकारी की गोपनीय शाखा में ध्वजारोहण किया गया। इसके बाद धमदाहा के ऐतिहासिक शहीद स्मारक पर वयोवृद्ध अंबिका प्रसाद मेहता ने तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
समारोह को संबोधित करते हुए एसडीओ अनुपम कुमार ने कहा कि राष्ट्र की एकता, सामाजिक सौहार्द और विकास के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने अधिकारों के साथ कर्तव्यों को भी समझना होगा। आपसी भाईचारे और सांस्कृतिक मूल्यों को मजबूत करते हुए सभी को देश के विकास में अपनी भागीदारी निभानी चाहिए। उन्होंने सरकार की ओर से संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी।
जनता दरबार में हर सप्ताह सुनी जा रही समस्याएं
एसडीओ ने बताया कि आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रत्येक सप्ताह सोमवार और मंगलवार को जनता दरबार आयोजित किया जाता है। इसमें लोगों की शिकायतों की सुनवाई के साथ मामलों के निष्पादन की कार्रवाई की जाती है। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकारी कार्य में त्रुटि या समस्या होने पर लोग सीधे अनुमंडल पदाधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
7367 लाभुकों को मिले प्रमाण-पत्र
अनुमंडल क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की जानकारी देते हुए बताया गया कि अब तक 7367 लाभुकों के प्रमाण-पत्र बनाकर वितरित किए जा चुके हैं। वहीं धमदाहा के ऐतिहासिक शहीद स्मारक की चारदीवारी और सौंदर्यीकरण, उच्च विद्यालय क्रीड़ा मैदान के सुदृढ़ीकरण, फुटपाथ एवं गुजरी हटिया के विकास समेत बस स्टैंड, नगर पंचायत कार्यालय और सम्राट अशोक भवन से जुड़ी योजनाओं पर काम चल रहा है।
हर प्रमुख संस्थान में फहराया गया तिरंगा
स्वतंत्रता दिवस पर अनुमंडल कार्यालय, नगर पंचायत कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, अधिवक्ता संघ, बाल विकास परियोजना कार्यालय, अवर निबंधन कार्यालय, ग्राम कचहरी, अंचल निरीक्षक कार्यालय, आदर्श थाना धमदाहा, अनुमंडलीय अस्पताल और अनुसूचित जनजाति उच्च विद्यालय समेत विभिन्न सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थानों में ध्वजारोहण किया गया। महादलित टोला में भी तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता दिवस मनाया गया।
समारोह में विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए। पूरे अनुमंडल क्षेत्र में स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति, उत्साह और आपसी भाईचारे के माहौल में मनाया गया।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
