
धमदाहा, पूर्णिया। 25 अगस्त को होने वाले राजकीय शहीद दिवस समारोह की तैयारियों के बीच भवन निर्माण मंत्री लखी सिंह ने रविवार को धमदाहा के ऐतिहासिक क्रीड़ा मैदान का औचक निरीक्षण किया। मैदान में जलजमाव और साफ-सफाई की स्थिति देखकर उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
मंत्री ने अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी और नगर पंचायत के कार्यपालक पदाधिकारी को मैदान की नियमित साफ-सफाई कराने, जलजमाव दूर करने और जरूरत के अनुसार मिट्टी भराई कराने को कहा। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि बाजार या आसपास के इलाकों से कचरा अथवा गंदा पानी मैदान में नहीं पहुंचना चाहिए। मैदान में गंदगी फैलाने वालों को नोटिस जारी कर सख्त हिदायत देने का भी निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने मैदान के चारों ओर बन रहे पाथवे का पैदल घूमकर जायजा लिया। पाथवे के किनारे जमा पानी की निकासी के लिए नाला निर्माण कराने तथा मैदान के आवश्यक हिस्सों में मिट्टी भराई कराने को कहा।
गौरतलब है कि 25 अगस्त 1942 को अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ संघर्ष के दौरान धमदाहा में 15 वीर सपूत शहीद हुए थे। बिहार सरकार द्वारा इस ऐतिहासिक दिन को राजकीय समारोह का दर्जा दिए जाने के बाद पिछले तीन वर्षों से यहां भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। समारोह में शहीदों के परिजनों की मौजूदगी में राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर वीर सपूतों को श्रद्धांजलि दी जाती है।
ऐसे में राजकीय समारोह से पहले मंत्री का मैदान का निरीक्षण और अधिकारियों को दिए गए निर्देश को तैयारियों की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
ब्यूरो रिपोर्ट संतोष कुमार
